
द सुपरहिट न्यूज
खागा, फतेहपुर । किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा इलाके में शुक्रवार को चंदापुर स्वास्थ्य केंद्र के पास संदिग्ध हालत में खड़ी लावारिस कार मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे खड़ी आल्टो कार से तेज दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो कार की सीटों पर खून जैसे निशान दिखाई दिए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। कार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को थाने भिजवा दिया। कार के पिछले शीशे पर “शकील अहमद सभासद” लिखा मिला, जिसके आधार पर वाहन स्वामी की पड़ताल शुरू की गई। पूछताछ में सामने आया कि वाहन कथित तौर पर खखरेरू कस्बे के मोहम्मद गुफरान को बेचा जा चुका है। ग्रामीणों में वाहन के इस्तेमाल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष किशनपुर ने बताया कि जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews