दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के उपकरण बरामद

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । कल्याणपुर पुलिस ने गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान सुनसान स्थान पर खराब हालत में खड़ी एक लग्जरी कार से दो शातिर अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने मोबाइल टावर से चोरी किए गए भारी मात्रा में उपकरण, पार्ट्स, डीजल तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
   बता दें कि थानाध्यक्ष सुमित देव पाण्डेय बीती देर शाम हमराहियों के साथ थाना क्षेत्र के मुरादीपुर मोड़ के पास कानपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में बंद खड़ी एक लग्जरी कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार की जांच की तो उसमें बैठे दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम मलखान पुत्र गुलाब निवासी बेला का पुरवा मजरा पतवन थाना बबेरू जनपद बांदा तथा गुड्डू कश्यप पुत्र ओमकार कश्यप निवासी ग्राम शरीफ नगर थाना देवरनिया जनपद रायबरेली बताए।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर से चोरी किए गए उपकरणों में एक एसी जनरेटर का अल्टीनेटर, एक ऑटो मोटर, एक स्टार्टर, एक मोटर स्टार्टर, दो कंडक्टर, एक एग्जास्ट फैन, एक रेडिएटर, एक बैटरी तथा प्लास्टिक की पिपिया में भरा लगभग दस लीटर डीजल बरामद किया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त औजार भी कब्जे में लिए गए। पुलिस की सख्त पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने अन्य साथियों सुलखान पुत्र गुलाब, प्रदीप यादव उर्फ फौजी पुत्र यदुभूषण उर्फ नमस्ते, गुलाब यादव पुत्र संतोष निवासीगण पतवन थाना बबेरू जनपद बांदा, प्यारेलाल निवासी मिर्जापुर तथा सत्यम पुत्र महिपाल निवासी आवास विकास कॉलोनी ऑफिस चौराहा थाना नौबस्ता कानपुर नगर के साथ मिलकर जनपद और गैर जनपद के मोबाइल टावरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। अभियुक्तों ने थरियांव, गाजीपुर, कल्याणपुर तथा बांदा क्षेत्र के कई मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने की बात भी कबूली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर चोर हैं और इनके खिलाफ कल्याणपुर, थरियांव तथा गाजीपुर थानों में पूर्व से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। बरामद कार को सीज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फरार साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

#Fatehpur #BreakingNews #viralnews #UttarPradesh #thesuperhitnews #CrimeNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!