अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सख्त, फिसड्डी थानेदारों को चेतावनी

Must be share

द सुपरहिट न्यूज

फतेहपुर । अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था और थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में सभी सर्किल अधिकारियों और थाना प्रभारियों से लंबित मुकदमों, गंभीर अपराधों और हाल की घटनाओं के खुलासे की प्रगति रिपोर्ट ली गई। एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, अपहरण तथा महिला संबंधी गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटनाओं के अनावरण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में वांछित अभियुक्तों और वारंटियों के खिलाफ लगातार गिरफ्तारी अभियान चलाने, मादक पदार्थों, जुआ और सट्टा के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों, अराजकतत्वों और सजायाफ्ता अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। एसपी ने अपराध नियंत्रण में कमजोर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यशैली में सुधार लाएं, अन्यथा विभागीय कार्रवाई तय है। महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, भूमि विवादों सहित छोटे मामलों का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में महेंद्र पाल सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, एसओजी, सर्विलांस सेल और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी मौजूद रहे।

Fatehpur #viralnews #UttarPradesh #CrimeNews #thesuperhitnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!