10 की मौत के बाद कोरवल गांव में पसरा मातम

Must be share

द सुपरहिट न्यूज


फतेहपुर । जाफरगंज थाना क्षेत्र के कोरवल गांव में शनिवार भोर उस समय कोहराम मच गया, जब एक भीषण सड़क हादसे में गांव के पांच लोगों समेत कुल 10 लोगों की मौत की खबर पहुंची। जैसे ही सुबह तीन शव गांव लाए गए, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कोरवल गांव निवासी राजन निषाद परिवार और रिश्तेदारों के साथ बेटे का मुंडन संस्कार कराने कड़ा धाम गए थे। मुंडन संस्कार के बाद सभी लोग पिकअप वाहन से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सैनी-अजुहा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पलट गई और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। हादसे में कोरवल गांव के दर्शनिया (60), राजकुमारी उर्फ रामकुमारी (56), मयंक (10), मैकी (65) और सुन्दी (48) की मौत हो गई। अन्य मृतक आसपास के अलग-अलग क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं। कई घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मंझनपुर और प्रयागराज रेफर किया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक मयंक की मां गुड़िया देवी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि उसके पिता मुकेश के गुजरात से लौटने का इंतजार किया जा रहा है। गांव में अभी कुछ शवों के पहुंचने का इंतजार जारी है, जिससे परिजनों की बेचैनी बढ़ी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही देवरी चौकी पुलिस, लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बातचीत कर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई।

इसके अलावा सांसद नरेश उत्तम पटेल और बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। इस हृदय विदारक हादसे के बाद कोरवल गांव में सुबह से लोगों का तांता लगा रहा और पूरा इलाका शोक में डूबा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!